बलौदाबाजार

‘साइको किलर’ गिरफ्तार: 4 महीने में 8 लोगों को जहरीली शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में पिछले चार महीनों से हो रही रहस्यमयी मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। गांव का ही निवासी रामसहाय जायसवाल इन मौतों का मास्टरमाइंड निकला, जिसने पुरानी रंजिश, मानसिक कुंठा और प्रतिशोध की भावना में अपने ही परिचित 8 लोगों की हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में लगातार 8 लोगों की संदिग्ध मौत हुई थी। ग्रामीणों के संदेह के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और 7 शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक जांच कराई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रामसहाय ने चूहे मारने की दवा बताकर सुहागा नामक जहर हासिल किया था और उसे शराब में मिलाकर अपने परिचितों को पिलाता था।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले जहर का परीक्षण एक कुत्ते पर किया। सफल होने के बाद उसने एक-एक कर अपने निशाने पर उन लोगों को लिया, जिनसे उसकी किसी न किसी बात को लेकर रंजिश थी। किसी पर पत्नी पर बुरी नजर रखने का आरोप, किसी से जमीन विवाद, तो किसी से कर्ज और गाली-गलौज की दुश्मनी। आरोपी हर वारदात के बाद खुद ही पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने और अंतिम संस्कार में शामिल होकर लोगों का शक भी दूर करता रहा।

 

मामले का खुलासा तब हुआ जब कार्तिक नामक युवक को भी जहरीली शराब पिलाई गई, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। पुलिस की सघन पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी टूट गया और उसने सभी हत्याओं की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बहुचर्चित मामले के खुलासे को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button