बिलासपुर

बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंदी की सिर कुचलकर हत्या….मचा हड़कंप

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर की सेंट्रल जेल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जेल की सुरक्षित मानी जाने वाली बैरक के अंदर एक बंदी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद आरोपी का सिर नाली के स्लैब से कुचल दिया गया। हैरानी की बात ये है कि वारदात जेल के उस वार्ड में हुई, जो मानसिक रूप से बीमार बंदियों के लिए आरक्षित है।

Advertisement

बिलासपुर सेंट्रल जेल की ई-1 बैरक में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदी खून से लथपथ हालत में मिला। बंदी की पहचान कोटा क्षेत्र के दबनपुर निवासी नीलू जगत के रूप में हुई है, जो नाबालिग से रेप के मामले में जेल में बंद था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बैरक में मौजूद एक अन्य बंदी ने नाली के स्लैब से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे वार्ड को सील कर दिया गया।हत्या के आरोप में जिस बंदी का नाम सामने आया है, वह मुंगेली जिले के चमारी गांव का रहने वाला राजेश राय है। राजेश राय पिछले 17 वर्षों से तिहरे हत्याकांड के मामले में जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज भी चल रहा था। जिस ई-1 वार्ड में यह वारदात हुई, वह विशेष रूप से मानसिक रोगी बंदियों के लिए आरक्षित है। ऐसे में जेल के भीतर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई, दोनों बंदियों के बीच किसी तरह का विवाद था या फिर मानसिक अस्थिरता के कारण वारदात को अंजाम दिया गया, इसकी पड़ताल की जा रही है।

 

फिलहाल सेंट्रल जेल के भीतर हुई इस सनसनीखेज हत्या से पूरे जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।जेल की ऊंची दीवारों के भीतर हुई इस खौफनाक हत्या ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर जांच पर टिकी है कि आखिर बैरक के भीतर यह खूनी खेल कैसे और क्यों हुआ।

Related Articles

Back to top button