प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं अगले चार से पांच दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा भी रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक तापमान 41 दशमलव 6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 दशमलव 2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है, जबकि पूर्वी विदर्भ से तमिलनाडु तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहेंगी।
शुक्रवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, बलौदाबाजार सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, मेघगर्जन और बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और आकाशीय बिजली से सतर्क रहने की अपील की है।प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना, कई जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट जारी।




