पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ जारी, 11 गौवंश तस्करों के चंगुल से कराए गए मुक्त..

जशपुर जिले में पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से 11 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। यह पूरा मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गोर्रापारा, मुड़ेकेला का है।”
मामला 25 मार्च की रात का है, जब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि एक पिकअप वाहन (JH01 FA 8978) में गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया है और ऊपर तिरपाल से ढका गया है।

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, लेकिन वाहन चालक और मालिक फरार हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी 11 गौवंशों को सकुशल बाहर निकाला और उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इस मामले में पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जशपुर के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले में कहा कि पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से ऐसे अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और ‘ऑपरेशन शंखनाद’ जारी रहेगा।




