देश

पीएम मोदी ने 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 3 नई वंदे भारत ट्रेन को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाई है। ये तीनों नई वंदे भारत ट्रेनें कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों को जोड़ेंगी। इनमें से पहली वंदे भारत ट्रेन चेन्नई सेंट्रल से नागरकोइल, दूसरी मदुरै से बेंगलुरु कैंट और तीसरी मेरठ सिटी-लखनऊ तक जाएगी।

Advertisement

हरी झंडी दिखाने के दौरान पीएम मोदी ने कहा ,’वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत से जहां भी ये ट्रेनें चलती हैं, वहां के पर्यटन में उछाल आया है। इससे स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिला है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। मैं इस उपलब्धि के लिए नागरिकों को बधाई देता हूं।’

Advertisement

पीएम मोदी ने कहा कि आज यूपी और खासकर पश्चिमी यूपी के लोगों को मेरठ-लखनऊ रूट पर वंदे भारत ट्रेन के जरिए भी खुशखबरी मिली है। मेरठ और पश्चिमी यूपी क्रांति की धरती है। आज यह क्षेत्र विकास की नई क्रांति का गवाह बन रहा है। वंदे भारत आधुनिक भारतीय रेलवे का नया चेहरा है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज शहर में, हर रूट पर वंदे भारत की मांग है। हाई-स्पीड ट्रेनों के आने से लोगों को अपने कारोबार, रोजगार और अपने सपनों को विस्तार देने का भरोसा मिलता है। आज देशभर में 102 वंदे भारत रेल सेवाएं चल रही हैं।

पीएम ने कहा, ‘विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दक्षिणी राज्यों का तेजी से विकास बहुत जरूरी है। दक्षिण भारत में अपार प्रतिभा, अपार संसाधन और अवसर मौजूद हैं। इसलिए तमिलनाडु और कर्नाटक समेत पूरे दक्षिण का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है।’

Related Articles

Back to top button