RTO चालान का भुगतान सिर्फ अधिकारिक वेबसाईट से करें, फर्जी लिंक से रहें सावधान, परिवहन विभाग की अपील

छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में RTO e-Challan से जुड़े फर्जीवाड़े के कई मामले सामने आए हैं। धोखेबाज नकली मैसेज और लिंक भेजकर लोगों के बैंक खातों से पैसे चुराने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को देखते हुए परिवहन विभाग ने आम जनता से सतर्क रहने और केवल अधिकारिक वेबसाईट के माध्यम से ही चालान का भुगतान करने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि धोखेबाज फर्जी e-Challan बनाकर मोबाइल पर डराने वाले मैसेज भेजते हैं और लिंक क्लिक करने पर लोगों की व्यक्तिगत जानकारी चुराकर उनके बैंक खाते से रकम उड़ा लेते हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक चालान की जांच केवल सरकारी पोर्टल https://echallan.parivahan.gov.in पर ही की जा सकती है। इसके लिए e-Challan पेज पर जाकर Pay Online पर क्लिक करें, चालान नंबर और कैप्चा कोड डालें और मोबाइल ओटीपी के जरिए चालान की जानकारी प्राप्त करें।
विभाग ने यह भी कहा है कि पुलिस और परिवहन प्रवर्तन अमले द्वारा जब भी चालान किया जाता है, तो उसके संबंध में आने वाला मैसेज भी सिर्फ इस आधिकारिक पोर्टल से ही भेजा जाता है।
आम लोगों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, APK फाइल या अज्ञात मैसेज पर क्लिक न करें। किसी भी फर्जी कॉल, मैसेज या ऐप के संबंध में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।यानी साफ है कि RTO चालान का भुगतान अब सिर्फ और सिर्फ सरकारी वेबसाईट से ही करें और धोखेबाजों के जाल से बचें।




