एमसीबी

पतंजलि योग समिति के बृहद योग शिविर में उमड़ा जनसैलाब, प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति को पुनर्स्थापित करने का समय : स्वास्थ्य मंत्री

(राम प्रसाद गुप्ता) : मनेंद्रगढ़ । सरस्वती शिशु मंदिर के खेल प्रांगण में आयोजित बृहद योग शिविर का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में योग शिविर के संचालक एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर संजय अग्रवाल, 18वीं बटालियन के प्रमुख संजय शर्मा, व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्रा, जिला संघ चालक नीरज अग्रवाल तथा पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी सतीश उपाध्याय मंचासीन रहे।

Advertisement

शिविर के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने योग, प्राणायाम तथा आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग और प्राणायाम को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संयमित जीवनशैली और नियमित दिनचर्या अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

Advertisement

उन्होंने छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध नेचरोथेरेपिस्टों की उपस्थिति में आयोजित होने वाले विशाल चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए कहा कि भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धतियां पूर्णतः वैज्ञानिक आधार पर विकसित की गई थीं। आवश्यकता इस बात की है कि आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी प्रमाणित एवं प्रभावी पद्धतियों को पुनः समाज में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि पतंजलि योग समिति द्वारा इस दिशा में किया जा रहा जनजागरण और स्वास्थ्य संवर्धन का कार्य अत्यंत सराहनीय है।

योग शिविर का संचालन पतंजलि योगपीठ छत्तीसगढ़ के प्रभारी संजय अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति, छत्तीसगढ़ चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, 18वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, पत्रकारों, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति थे ।

Related Articles

Back to top button