पार्किंग में हो रही अवैध वसूली से यात्री परेशान….

(भूपेंद्र सिंह राठौर/राजा खान) : बिलासपुर रेलवे स्टेशन की पार्किंग को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। यात्रियों से ओवरचार्जिंग और अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था हमेशा से विवादों में रही है। संचालकों की मनमानी और फैले अव्यवस्था को लेकर आए दिन शिकायतें मिलती हैं। हाल ही में मार्च महीने में बाइक पार्किंग संचालक के खिलाफ दो से तीन शिकायतें की गईं, लेकिन रेलवे के अधिकारी इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे। सूत्रों की मानें तो स्टेशन लेवल पर ही रेलवे अधिकारी इन शिकायतों को रफा-दफा कर देते हैं, जिससे मंडल के अधिकारियों तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच पाती।
यात्रियों का आरोप है कि पार्किंग में उनसे तय शुल्क से ज्यादा वसूला किया जा रहा है। कई बार टिकट नहीं दिया जाता और जब यात्री इसका विरोध करते हैं, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। यात्रियों से मिल रही लगातार शिकायतों के बावजूद रेलवे अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। इस संबंध में जब उनसे बात करने की कोशिश की गई, तो कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं मिला। मार्च महीने में रेलवे प्रशासन को दो से तीन शिकायतें मिली थीं, लेकिन यह शिकायतें केवल फोन कॉल के माध्यम से की गई थीं, जिससे ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। यात्रियों का कहना है कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी इसमें हस्तक्षेप नहीं करेंगे, तब तक पार्किंग मे अव्यवस्था बनी रहेगी।
अब सवाल ये उठता है कि क्या रेलवे प्रशासन इन शिकायतों को गंभीरता से लेगा? या फिर हमेशा की तरह यह मुद्दा भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा?




