साड़ी से गला घोंटकर की महिला की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में 10 जून को हुई महिला की अंधी हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। बांधापाली गांव की इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि हत्या महिला की खुद की साड़ी से गला घोंटकर की गई थी।
रायगढ़ जिले के बांधापाली गांव में 10 जून की रात 30 वर्षीय रमिला कंवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शव उसके घर में मिला और गले में बंधी साड़ी की गांठ ने हत्या की आशंका को जन्म दिया। परिजनों की सूचना पर छाल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 12 जून को आई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट ने पुष्टि कर दी कि मौत गला घोंटने से हुई है।”
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात के विरुद्ध छानबीन शुरू की। जांच के दौरान गांव के ड्राइवर अनिमिष वैष्णव उर्फ सूरज का नाम सामने आया, जो घटना के बाद से फरार था। पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रायपुर से उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने गांव के ही बुधवाराम सिदार के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया।
हत्या की वजह महिला का विरोध करना और दोनों की गलत नीयत से बचने की कोशिश बताया गया। दोनों आरोपी रमिला के घर पहुंचे, जहां विरोध करने पर महिला का गला उसी की साड़ी से घोंट दिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हसिया का हत्था और अन्य सबूत बरामद किए हैं। आरोपी बुधवाराम शुरू में गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आगे सच्चाई उजागर हो गई। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
इस पूरे खुलासे में छाल पुलिस की विशेष भूमिका रही। निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में उप निरीक्षक मदन पाटले, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्री, शंभू पांडे, गोविंद बनर्जी, हरेंद्र पाल जगत, भगवती लक्ष्मे और महेंद्र पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बीएनएस की धारा 3(5) भी मामले में जोड़ी है।




