ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम रैकेट का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर – रेंज पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत फर्जी सिम कार्ड रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, मध्यप्रदेश और राजस्थान से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इन आरोपियों पर यूएई, श्रीलंका, नेपाल और म्यांमार जैसे देशों में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्ड जारी करने का आरोप है। अब तक की जांच में 7000 से अधिक सिम कार्ड और 590 मोबाइल की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें डिएक्टिवेट किया गया है।
आरोपियों ने सिम जारी करने के लिए ग्राहकों की ई-केवाईसी में गड़बड़ी, डबल थंब स्कैन और आई ब्लिंक जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, जिन ग्राहकों के पास आधार की फिजिकल कॉपी थी, उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी सिम एक्टिवेट किए गए।
पुलिस के मुताबिक, ये सभी सिम म्यूल अकाउंट ब्रोकर्स को बेचे जाते थे, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
नितेश शर्मा (राजस्थान), पीयूष पांडे (मध्यप्रदेश), हरविंदर भाटिया, दिलावर सिंह, वैभव साहू (दुर्ग), आशीष कलवानी, चंदन सिंह, सचिन गिरी, उदय यदु, अतहर नवाज (रायपुर) और सूरज मारकंडे (धमतरी)।
रेंज साइबर थाना द्वारा सिविल लाइन और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।




