ऑपरेशन अंकुश की बड़ी सफलता, पुलिस अभिरक्षा से फरार गैंगरेप के दोषी दो आरोपी गिरफ्तार…..

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन “अंकुश” के तहत पुलिस अभिरक्षा से फरार गैंगरेप के दोनों दोषियों को गिरफ्तार कर लिया है। आजीवन कारावास की सजा पा चुके आरोपी नेल्सन खाखा को झारखंड के कुरडेग थाना क्षेत्र से और डिक्शन खाखा को रायगढ़ से कुनकुरी आते वक्त पकड़ा गया।
दोनों आरोपी दिसंबर 2022 में नाबालिग के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दुलदुला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए थे। अप्रैल 2025 में पेशी के दौरान दोनों पुलिस को धक्का देकर भाग निकले थे।
फरार होने के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। SSP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को ट्रेस किया।

पुलिस अब उन्हें शरण देने वाले तीन सहयोगियों – माइकल खाखा, रितेश कुजूर और सुदीप मिंज के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। SSP ने कहा कि टीम ने बेहद प्रोफेशनल अंदाज़ में काम करते हुए आरोपियों को पुनः पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। ऑपरेशन अंकुश आगे भी जारी रहेगा।




