छत्तीसगढ़ में फिर जोर पकड़ेगा मानसून : कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट, तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने 6 व 7 अगस्त से प्रदेशभर में बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियों में तेज़ी की संभावना जताई है।
ऑरेंज अलर्ट जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सुरगुजा और सूरजपुर जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, वज्रपात और मध्यम वर्षा की आशंका है। वहीं, येलो अलर्ट के अंतर्गत सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोडागांव, महासमुंद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.6°C तो बिलासपुर और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35°C दर्ज किया गया। वहीं, करतला, नगरी, अंतागढ़, रामानुजगंज जैसे इलाकों में बीते 24 घंटों में 1-4 सेमी तक बारिश हुई है।लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खुले स्थानों से दूर रहें।




