छत्तीसगढ़ में मानसून का जोर: इन क्षेत्रो में भारी बारिश की चेतावनी…

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – बंगाल की खाड़ी से उठा सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिससे प्रदेश में अगले 24 घंटे में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ को प्रभावित कर सकता है।
“मानसून की द्रोणिका श्रीगंगानगर, सिरसा, मेरठ, वाराणसी, डाल्टनगंज, पुरुलिया होते हुए निम्न दबाव के इस केंद्र से गुजर रही है और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। एक और ट्रफ लाइन दक्षिण राजस्थान से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ और दक्षिण झारखंड तक सक्रिय है, जिससे बारिश का क्षेत्र और प्रभाव दोनों बढ़ सकते हैं।
08 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। जबकि दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है, ऐसे में नागरिकों से अपील है कि खराब मौसम के दौरान खुले में न जाएं और सावधानी बरतें।
पिछले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पाली में सर्वाधिक 26 सेमी, बेलगहना में 16, मस्तूरी में 14, बिल्हा में 13 और मुंगेली में 12 सेमी बारिश हुई।
9 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में आंशिक कमी आने की संभावना है। हालांकि, एक-दो स्थानों पर बारिश और वज्रपात की घटनाएं जारी रह सकती हैं।”बिलासपुर में 08 जुलाई को आसमान मेघमय रहेगा और दिनभर रुक-रुक कर वर्षा होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून पूरे जोर पर है। बारिश जहां गर्मी से राहत दिला रही है, वहीं ज्यादा वर्षा की वजह से जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है। कृपया मौसम की अपडेट के लिए मौसम विभाग और प्रशासन की अधिकृत सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।




