देशभर में पहुंचा मॉनसून, लेकिन छत्तीसगढ़ में अब भी 18% बारिश की कमी, अगले 4 दिन अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, लेकिन छत्तीसगढ़ में बारिश का कोटा अभी भी अधूरा है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश दर्ज की गई। गंगालूर में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि दंतेवाड़ा, गीदम, करपावंड, पेण्ड्रा रोड और लोहंडीगुड़ा समेत कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के असर से प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और आम लोगों की निगाहें अब अच्छी बारिश पर टिकी हैं, ताकि प्रदेश में बारिश की कमी पूरी हो सके।




