छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 33 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के सभी 33 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।रायपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, 4 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। शुक्रवार को झमाझम बारिश के बाद शनिवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बादलों के साथ उमसभरी गर्मी देखने को मिली। हालांकि, बीच-बीच में तेज बारिश के दौर भी जारी रहे।
बारिश की यह स्थिति मानसूनी रेखा और चक्रवाती परिसंचरण के असर से बनी हुई है। फिलहाल मानसूनी रेखा बीकानेर, अजमेर, गुना, दमोह, पंडारा रोड, संबलपुर और पुरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
भारी बारिश का असर जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में सबसे ज्यादा 52.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के कारण सरगुजा जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। नदी में पानी के तेज बहाव के चलते नहाने गया क्लास-1 का एक बच्चा बह गया, जिसका शव एक किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला।मौसम विभाग ने आने वाले 96 घंटों तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।




