मानसून अलर्ट: अगले 3-4 दिन भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार अगले कुछ दिन सावधानी बेहद ज़रूरी है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज़ आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मानसून की द्रोणिका इस वक्त बीकानेर, शिवपुरी, खजुराहो, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं, एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व मध्यप्रदेश और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना हुआ है। इसके असर से प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है।
आज 4 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के ज़िले और बस्तर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में भारी वर्षा का खतरा है। वहीं 6 और 7 जुलाई को वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है। इन दो दिनों में कई स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना है।बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में अगले तीन दिनों तक एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। पिछले 24 घंटों में सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, महासमुंद, जशपुर और सुकमा ज़िलों में जोरदार बारिश हुई है। सबसे ज़्यादा 13 सेमी बारिश ढभरा में दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है अगले कुछ दिनों तक बिजली गिरने की घटनाएं, आंधी और जलभराव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में सभी नागरिकों से अपील है कि मौसम की स्थिति पर नजर रखें, बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें, पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े होने से बचें।
बिलासपुर जिले में इस मानसूनी अवधि में 35% कम वर्षा दर्ज की गई है, जो कि सामान्य से कम (न्यून) की श्रेणी में आती है। स्थिति: यह संकेत करता है कि जिले में अब तक मानसून की सक्रियता अपेक्षाकृत कमजोर रही है। आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह अंतर कुछ हद तक भर सकता है।चूंकि मानसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने आगामी 3-4 दिनों में बिलासपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी दी है।




