बिलासपुर

लकड़ी टाल के पास घर में लगी भीषण आग, दमकल देर से पहुंची, बड़ा हादसा टला

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा टल गया, जहां लकड़ी टाल के सामने स्थित एक निजी मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रह रहे किराएदारों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। हैरानी की बात ये रही कि सूचना के दो घंटे बाद तक भी दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। मस्तूरी के यादव आरा मिल और लकड़ी टाल के सामने बने एक मकान में शुक्रवार शाम करीब 8 बजे अचानक आग भड़क उठी।

Advertisement

बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत छत से हुई, जहां शेडनुमा कमरे के ऊपर बड़ी मात्रा में जलाऊ लकड़ियां रखी गई थीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही मकान में रह रहे किराएदारों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Advertisement

घटना स्थल के पास ही बड़ी मात्रा में लकड़ियों का भंडारण होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं था। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि घटना की सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आग लगातार भड़कती रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, दमकल की देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button