3D इनोवेशन फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत….

रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित 3D इनोवेशन फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि मृतकों के शरीर के अंग करीब 200 मीटर तक बिखर गए। हादसे के बाद पुलिस, एफएसएल और श्रम विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
उरला थाना क्षेत्र की 3D इनोवेशन फैक्ट्री में हुए इस भीषण हादसे में 17 वर्षीय अरुण पांडे, मध्यप्रदेश निवासी लाल सिंह और गंभीर रूप से घायल कमल सिंह की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त ऑक्सीजन सिलेंडर बदला जा रहा था, तभी जोरदार विस्फोट हो गया।धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में शव के अंग दूर-दूर तक बिखर गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मजदूरों का आरोप है कि उन्हें बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के भट्ठी में काम कराया जाता था और सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जाते थे। वहीं, हादसे के समय कुछ मजदूर पास में खाना बना रहे थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए।फिलहाल पुलिस, एफएसएल और श्रम विभाग की टीम ब्लास्ट के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और नाबालिग से काम कराए जाने के आरोपों की जांच कर रही है।



