पुलिस की बड़ी सफलता : सनसनीखेज लूट का 48 घंटे के भीतर खुलासा, 4 आरोपी और 4 नाबालिग गिरफ्तार

(मनीष नामदेव ) : मुंगेली जिले के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरहट में 22-23 जुलाई की दरमियानी रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। पीड़िता धरमीन बाई और उनके पति नेतराम साहू जब देर रात घर से बाहर निकल रहे थे, तभी चेहरा ढके लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग पति-पत्नी को चाकू दिखाकर डराया, पति के सिर पर प्राणघातक हमला किया और महिला के शरीर से पहने हुए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य सामान लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और एसडीओपी माधुरी धीरही के नेतृत्व में साइबर सेल और लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध सोनू टंडन और देवी टंडन को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि प्रार्थिया को बाजार में सोने-चांदी के गहने पहने देखकर उन्होंने लूट की योजना बनाई थी। वारदात की रात सोनू और देवी टंडन घर के बाहर मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे थे, जबकि शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी और 4 नाबालिगों ने घर के भीतर घुसकर चाकू, हसिया व हथौड़े के बल पर लूटपाट की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत लूटे गए जेवरात (सोने का मनचली, चांदी की करधन, पायल, टाप्स, अंगूठी), मोबाइल, 8,650 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
लालपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 बालिग आरोपियों—देवी टंडन (26 वर्ष), सोनू टंडन (23 वर्ष), शैलेन्द्र टंडन (18 वर्ष) और आर्यन जोशी (18 वर्ष)—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, अपराध में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस की इस मुस्तैदी और 48 घंटे के भीतर मामले के सफल खुलासे की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।



