जिला अधिवक्ता संघ चुनाव संपन्न, अध्यक्ष और सचिव पद पर कांटे की टक्कर, शांतिपूर्ण माहौल में हुआ मतदान.

(प्रदीप भोई) : बिलासपुर – जिला अधिवक्ता संघ बिलासपुर के आगामी कार्यकाल के लिए शनिवार को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चले मतदान में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए.आर.के. राव की देखरेख में आयोजित इस चुनाव में कुल पंजीकृत 2,446 मतदाताओं में से लगभग 1,800 अधिवक्ताओं यानि 73% ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव कुल 8 पदाधिकारी पदों और 14 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए कराया गया, जिसमें 49 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पूरे दिन जिला न्यायालय परिसर में चुनावी गहमागहमी और भारी उत्साह का माहौल देखा गया।
प्रत्याशी अंतिम समय तक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क साधते नजर आए.अध्यक्ष और सचिव समेत सभी महत्वपूर्ण पदों पर प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बैलेट बॉक्स को कड़ी सुरक्षा के बीच सील कर दिया गया है।




