VIDEO – अशांति फैलाने वाले बदमाशों की थाने में परेड, पुलिस ने कराया उठक-बैठक

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक नगर चौक में बीती रात कुछ युवकों द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर आम रास्ते पर आपसी विवाद कर क्षेत्र में शांति भंग करने की सूचना मिली। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर कुछ युवक भाग खड़े हुए, वहीं 10 बदमाशों को मौके से हिरासत में लिया गया।
पुलिस को समझाने के प्रयास पर भी युवक पूर्व की मारपीट की घटना को लेकर उलझ गए और पुलिस टीम से भी बहस करने लगे। मामला गंभीर होते देख इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को दी गई। उनके निर्देश पर सभी अनावेदकों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
कार्यवाही नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं: हिमांशु श्रीवास, अमन लहरे, सहारा यादव, गौकरण उर्फ कोंदू साहू, सुदामा साहू, नंदराम श्रीवास, अभिषेक गोश्वामी उर्फ अंशु, करण यादव उर्फ के.डी, खिंटू साहू उर्फ टंकू और गणेश यादव उर्फ दादू। सभी आरोपी सरकंडा थाना क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के निवासी हैं।
सरकंडा पुलिस ने चेतावनी दी है कि थाना क्षेत्र में शांति भंग करने या आपसी विवाद से माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




