पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट, बाइक सवार बदमाश फरार

राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा विधायक Dharamlal Kaushik मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 8 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इस दौरान वे मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। तभी भारत माता चौक ट्रैफिक सिग्नल के पास बाइक सवार एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के समय धरमलाल कौशिक अकेले थे और उनके साथ कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि शहर में मोबाइल लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
हाल ही में पंडरी इलाके में भी एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से राजधानी के लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच हुई इस वारदात ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




