नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार: ड्रग तस्कर पाबलो की 15 लाख की संपत्ति फ्रीज

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मादक पदार्थ तस्कर रूपिंदर सिंह उर्फ पिंदर उर्फ पाबलो की करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति को SAFEMA/NDPS एक्ट के तहत फ्रीज कर दिया गया है। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी ने पुलिस की वित्तीय जांच के आधार पर इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रूपिंदर सिंह के खिलाफ थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। विशेष एनडीपीएस न्यायालय रायपुर ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। दोषसिद्धि के बाद पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की, जिसमें अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति होने के संकेत मिले।
जांच में आरोपी के नाम पर पंजीकृत एक शेवरले क्रूज कार और एक महिंद्रा थार वाहन मिले, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी और उसके परिजनों को संपत्तियों के वैध स्रोत संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने दोनों वाहनों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने और अवैध कमाई पर कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



