रायगढ़

महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी और लूटपाट मामले में बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में महिला पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और लूटपाट के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।मामला तमनार थाना क्षेत्र के सीएचपी चौक, लिबरा का है, जहां धरना-प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक के साथ मारपीट, बदसलूकी और लूटपाट की थी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल भी कर दिया था।

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो बनाने वाला आरोपी संजय मेहर और उसे वायरल करने वाला माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी घटना के बाद से फरार थे। पुलिस ने लगातार दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

Advertisement

इससे पहले पुलिस सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो घटना में सीधे तौर पर शामिल थे। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

दरअसल, गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान 27 दिसंबर 2025 को स्थिति बेकाबू हो गई थी, जहां भीड़ ने पुलिस बल पर हमला कर दिया था और कई जवान घायल हुए थे। इसी दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ यह शर्मनाक घटना हुई थी।फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button