छत्तीसगढ़

महादेव ऑनलाइन बुक केस: ईडी ने की 91.82 करोड़ की संपत्ति कुर्क, मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा खुलासा

महादेव ऑनलाइन बुक और Skyexchange.com से जुड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत करीब 91 करोड़ 82 लाख रुपये की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क किया है।

Advertisement

ईडी ने इस कार्रवाई में मिस परफेक्ट प्लान इन्वेस्टमेंट एलएलसी और मेसर्स एक्जिम जनरल ट्रेडिंग जीजेडसीओ के नाम पर मौजूद 74 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की बैंक राशि जब्त की है। ये संस्थाएं महादेव ऑनलाइन बुक के प्रमोटर सौरभ चंद्रकार और उनके सहयोगियों से जुड़ी बताई गई हैं। इसके अलावा Skyexchange.com के मालिक के करीबी सहयोगी गगन गुप्ता की लगभग 17.5 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी कुर्क की गई हैं।

Advertisement

जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक और अन्य अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के जरिए भारी मात्रा में अवैध धन जुटाया गया, जिसे फर्जी केवाईसी, बेनामी खातों और कई परतों में मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए छिपाया गया। इस धन का इस्तेमाल हवाला, क्रिप्टो और व्यापार आधारित मनी लॉन्ड्रिंग के माध्यम से विदेश भेजने और फिर विदेशी निवेश के नाम पर भारतीय शेयर बाजार में लगाने में किया गया।

 

ईडी की जांच में एक बड़े कैशबैक घोटाले का भी खुलासा हुआ है, जिसमें निवेश के बदले कंपनियों के प्रमोटरों को 30 से 40 प्रतिशत नकद लौटाने की बात सामने आई है। गगन गुप्ता को ऐसे लेनदेन से करीब 98 करोड़ रुपये का लाभार्थी बताया गया है।

 

इस मामले में अब तक ईडी 175 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है और करीब 2,600 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त, फ्रीज या अटैच किया जा चुका है। साथ ही 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पांच अभियोजन शिकायतों में 74 संस्थाओं को आरोपी बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button