सीपत में किशोर हाथी का आतंक: खेत रौंदे, किसान पर हमला, कई गांवों में अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। जांजगीर के जंगल से भटककर दलहा पहाड़ होते हुए सीपत क्षेत्र में पहुंचा लगभग 10 वर्षीय युवा नर हाथी पिछले दो दिनों से भरुआडीह–कैमाडीह वन क्षेत्र में दहशत फैला रहा है। हाथी के लगातार मूवमेंट के चलते आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।
वन विभाग की टीम जब जंगल में हाथी की तलाश में पहुंची तो कई बार हाथी ने जोरदार चिंघाड़ के साथ उन पर आक्रामक रुख दिखाया, जिसके बाद कर्मचारियों को घने जंगल से बाहर आना पड़ा। रातभर 30–35 सदस्यीय वन अमला टॉर्च, मशाल और अलाव के सहारे उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रहा।
रविवार देर शाम कैमारानी मंदिर के पास पगचिह्न मिलने के बाद हाथी रात लगभग 10 बजे कैमाडीह से निकलकर ठरकपुर–भरुआडीह की ओर लौट गया। इसी दौरान रात 11 बजे वह ग्राम पोड़ी निवासी किसान भागवत प्रसाद धीवर के खेत में जा घुसा और 3 एकड़ में बोई गई फसलों को नुकसान पहुंचाया। खेत में रखे 60 बोरी धान में से 3 बोरी धान हाथी ने खा लिया और सब्जी की बोआई को भी रौंद दिया।
किसान भागवत प्रसाद के मुताबिक, आवाज सुनकर जब वे खेत की ओर पहुंचे तो हाथी को फसल खाते देखा। उसी समय हाथी ने उन्हें दौड़ा लिया, जिससे वे मुश्किल से घर में छिपकर बच सके। उन्होंने तत्काल 112 सेवा में सूचना दी, लेकिन सोमवार सुबह 11 बजे तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। परिवार पूरी रात भय में जागता रहा।
हाथी की मौजूदगी से कारीछापर, जूहली, कैमाडीह और खाड़ा सहित कई गांवों में चेतावनी जारी कर दी गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित की गई है ताकि बच्चों को खतरे से दूर रखा जा सके।
वन विभाग ने राहत और सुरक्षा व्यवस्था को तेज कर दिया है। रेंजर शुभम मिश्रा के नेतृत्व में सीपत, बेलतरा, सोंठी और खोंधरा सर्किल के डिप्टी रेंजरों सहित 30 से अधिक अधिकारियों की टीम तैनात है। बिजली विभाग को भी अलर्ट पर रखते हुए हाथी के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में खुले बिजली तारों के कनेक्शन अस्थायी रूप से बंद किए जा रहे हैं।
वन विभाग के अधिकारी मानते हैं कि यह किशोर हाथी संभवतः उड़ीसा से आए उन 11 हाथियों के दल का हिस्सा है, जो फरवरी 2023 में इसी मार्ग से होकर सीपत पहुंचे थे। हाथी के हर कदम, पदचिह्न और भोजन स्थलों को ‘गज ऐप’ के माध्यम से रिकॉर्ड कर रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
रेंजर शुभम मिश्रा ने बताया कि हाथी भरुवाडीह से ठरकपुर के बीच लगातार घूम रहा है और कई स्थानों पर नुकसान की जानकारी मिली है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथी के पास न जाएं और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।




