अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, ₹27 लाख से अधिक का माल बरामद

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस को एक अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है। देवभोग और अमलीपदर थाना क्षेत्र में हुई लगातार चोरी की वारदातों के बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उड़ीसा और रायपुर में दबिश दी, जहाँ से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, मुर्तियाँ, नकदी रकम, और दो वाहन सहित कुल ₹27 लाख 42 हजार 520 रुपए का मशरूका बरामद किया है।
यह कार्रवाई एसडीओपी मैनपुर विकास पाटले के नेतृत्व में थाना प्रभारी देवभोग फैजुल होदा शाह और थाना प्रभारी अमलीपदर दिलीप मेश्राम की टीम ने की।
मुख्य आरोपी सूरज बारिक ने पूछताछ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की और बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य उड़ीसा और रायपुर में सक्रिय हैं। चोरी का माल रायपुर के परसदा निवासी दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री और उसकी पत्नी प्रीत मिस्त्री को बेचने की बात भी सामने आई। पुलिस ने प्रीत मिस्त्री के पास से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है, जबकि दीप मिस्त्री फरार बताया जा रहा है।
बरामदगी में शामिल हैं—
🔹 96 मोबाइल (कीमत ₹12.10 लाख)
🔹 सोना-चांदी के आभूषण और मुर्तियाँ (कीमत ₹8.45 लाख)
🔹 नकदी ₹57 हजार
🔹 कार और बाइक (कीमत ₹6.30 लाख)
पुलिस ने बताया कि गिरोह उड़ीसा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में सक्रिय था और इनके खिलाफ देवभोग, अमलीपदर और उरमाल थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि मुख्य फरार आरोपी दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री की तलाश जारी है।




