बिलासपुर

बिलासपुर में ओडिशा के अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, स्थानीय मददगार समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक/प्रदीप भोई) : बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले ओडिशा के एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के 6 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें उन्हें पनाह देने वाला एक स्थानीय सहयोगी भी शामिल है। इस कार्रवाई से तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुई 3 बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है।

Advertisement

​सुबह सफाई कर रही महिला से हुई थी लूट : मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 15 मई 2026 को तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवधाम कॉलोनी में सुबह करीब 06:00 बजे एक महिला अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन झपटी और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर त्वरित जांच शुरू की गई।

 

​सीसीटीवी फुटेज और हुलिए से खुला राज :​जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज में बिना नंबर की एक नीली स्कूटी पर सवार संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसी बीच सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर सोने की चैन लूटने का मामला सामने आया। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के हुलिए और उनके काम करने के तरीके का मिलान करने पर यह स्पष्ट हो गया कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।

 

​स्थानीय सहयोगी के घर ठहरकर रचते थे साजिश : तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने सिरगिट्टी के गणेश नगर में दबिश देकर नवीन साहू नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में नवीन ने स्वीकार किया कि वह इस गिरोह का स्थानीय मददगार है। उसने ओडिशा के अपने शातिर साथियों को लूटपाट के लिए बिलासपुर बुलाया था और उन्हें अपने घर में ठहराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य 5 सदस्यों को भी दबोच लिया।

 

​पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से अलग-अलग राज्यों में जाते हैं और स्थानीय अपराधियों की मदद से सुनसान इलाकों में महिलाओं को अकेला पाकर चैन स्नैचिंग, झपटमारी और लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं।

 

​गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

​शिव सिंह (28 वर्ष) – निवासी बसंती कॉलोनी, थाना उदित नगर, राउरकेला, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा)

​शक्ति प्रसाद (20 वर्ष) – निवासी गंगाधर नगर, थाना रघुनाथपाली, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा)

​नवीन साहू (32 वर्ष – स्थानीय सहयोगी) – निवासी गणेश नगर, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर

​प्रमोद सिंह (30 वर्ष) – निवासी थाना रायभोगा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा)

​अतुल मुंडा (18 वर्ष 3 माह) – निवासी सिगमेड़ा, थाना उदितपुर (ओडिशा)

​बसंता खड़िया (20 वर्ष) – निवासी जिला संबलपुर (ओडिशा), हाल मुकाम- गणेश नगर, सिरगिट्टी

 

​जब्ती व आगामी कार्रवाई: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सफेद रंग की स्कूटी जब्त की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित सख्त धाराएं जोड़ी गई हैं। सभी 6 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के 3 अन्य फरार सदस्यों की सरगर्मी से तलाश जारी है।

 

बिलासपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील : इस कार्रवाई के बाद बिलासपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपने मोहल्ले या आस-पास बाहर से आकर किराए पर रहने वाले या ठहरने वाले अज्ञात व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाने में जरूर दें। समय पर सूचना मिलने से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकती है और इस तरह के संगठित अपराधों को रोकने में मदद मिलती है।

Related Articles

Back to top button