बिलासपुर

कई थानों के प्रभारी बदले, एसएसपी ने जारी किया आदेश….

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में सात निरीक्षकों का तबादला करते हुए नई पदस्थापना दी गई है। इनमें कोनी थाना प्रभारी को हटाए जाने का मामला सबसे ज्यादा चर्चा में है। हाल के दिनों में कोनी थाना क्षेत्र के हाइवे पर लगातार रीलबाजी और स्टंटबाजी के वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है।

Advertisement

जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक निलेश पाण्डेय की एसपी कार्यालय बिलासपुर से रतनपुर थाना में पदस्थापना की गई है। निरीक्षक उमेश साहू को अजाक थाना से सकरी थाना भेजा गया है। वहीं सकरी थाना में पदस्थ निरीक्षक विजय चौधरी को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर में समंस, वारंट और शिकायत शाखा की जिम्मेदारी दी गई है।

Advertisement

कोनी थाना प्रभारी निरीक्षक राजश्री दामू को हटाकर नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोतवाली अटैच किया गया है। उनकी जगह तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाण्डेय को कोनी थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा रक्षित केंद्र बिलासपुर में पदस्थ निरीक्षक अवनीश पासवान को तखतपुर थाना भेजा गया है, जबकि निरीक्षक उत्तम कुमार साहू को रक्षित केंद्र से अजाक थाना में पदस्थ किया गया है। माना जा रहा है कि कोनी थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे स्टंटबाजी और रीलबाजी के मामलों के बाद पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे। इसके बाद अब विभागीय स्तर पर यह बड़ा फेरबदल किया गया है।

नए थाना प्रभारियों के सामने अब कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ हाइवे पर स्टंट और रीलबाजी पर लगाम लगाने की बड़ी चुनौती रहेगी।

Related Articles

Back to top button