अवैध कबाड़ कारोबारी को थाने में VIP ट्रीटमेंट, वायरल फोटो से मचा हड़कंप

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) न्यायधानी बिलासपुर में अब खाकी की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर ने पुलिस विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है। आरोप है कि अवैध कबाड़ कारोबारी को थाने में आरोपी की तरह नहीं, बल्कि वीआईपी मेहमान की तरह बैठाकर खातिरदारी की गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल तस्वीर में एक कबाड़ कारोबारी थाना परिसर के भीतर कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है, जबकि सामने पुलिसकर्मी मौजूद हैं। दावा किया जा रहा है कि यह व्यक्ति अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़ा है और हाल ही में उसके खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी। जानकारी के मुताबिक शहर में अवैध कबाड़ कारोबार पर सख्ती के निर्देश के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कारोबारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन कार्रवाई के बाद सामने आई तस्वीर ने पूरे मामले को विवादों में ला दिया। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या आम फरियादियों को भी थाने में इसी तरह की सुविधा और व्यवहार मिलता है।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल का कहना है कि संबंधित व्यक्ति को दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया गया था और उसकी दुकान को सील किया गया है। हालांकि वायरल तस्वीर के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कथित पुलिस-कबाड़ कारोबारी गठजोड़ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या इस पूरे मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी या मामला जांच तक ही सीमित रह जाएगा। फिलहाल वायरल तस्वीर ने बिलासपुर पुलिस की कार्यशैली पर बहस छेड़ दी है।सोशल मीडिया पर वायरल इस तस्वीर ने पुलिस विभाग की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि वरिष्ठ अधिकारी मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।




