छत्तीसगढ़
पुरानी रंजिश में पति-पत्नी की हत्या, एक ही बोरे में दफन मिले शव

गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के गरीबा गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की हत्या कर उनके शवों को श्मशान घाट में दफना दिया गया। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, राजाराम और उनकी पत्नी आशो बाई पिछले एक सप्ताह से लापता थे। इसी दौरान गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों को ताजा दफनाई गई जगह पर संदेह हुआ। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई कर शवों को बाहर निकाला।
पुलिस जांच में दोनों के शव एक ही बोरे में लिपटे मिले। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।




