कोरबा

अस्पताल में हंगामा, महिला स्टाफ से अभद्रता पर भड़के कर्मचारी, थाने का किया घेराव

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : कोरबा जिले के पाली ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्टाफ से अभद्रता का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी के साथ शराब के नशे में धुत कुछ युवकों द्वारा दुर्व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने के विरोध में डॉक्टर, नर्स और अस्पताल स्टाफ ने काम का बहिष्कार कर दिया है। बताया जा रहा है कि रात के समय कुछ युवक अपने साथी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी की और नौकरी से हटवा देने तक की धमकी दे डाली।

Advertisement

घटना की सूचना डायल 112 को भी दी गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई और आरोपियों को छोड़ दिया गया। इसी बात से नाराज अस्पताल कर्मियों ने आज जुलूस निकालकर पाली थाने का घेराव किया और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। अस्पताल कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।

Advertisement

घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं, जिससे मरीजों और परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पूरे मामले में बीएमओ की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि घटना के दौरान उनके मौजूद रहने के बावजूद तत्काल कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।

Related Articles

Back to top button