केदारनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, सात लोगों की मौत

उत्तराखंड – गुप्तकाशी लौट रहा एक हेलीकॉप्टर रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतकों में महाराष्ट्र का एक दंपति और उनका 23 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। यह हादसा गौरीकुंड के पास धुरी खर्क क्षेत्र में सुबह लगभग 5:17 बजे हुआ। आर्यन हेलीकॉप्टर कंपनी का यह चॉपर श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर ने आपात लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन वह क्रैश हो गया।
घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने सबसे पहले हादसे की सूचना दी। मौके पर राहत व बचाव दल भेजा गया, लेकिन सभी सवारों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और हेलीकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने हादसे की पुष्टि की है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।




