स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, 19 अवैध क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब सील

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव पाए जाने पर 19 निजी स्वास्थ्य संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान कई क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों की जांच की। जांच में फायर सेफ्टी प्रमाण-पत्र, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े दस्तावेज, रेडिएशन सुरक्षा संबंधी अनुमति और वैध लाइसेंस जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। इसके बाद तिवारी पैथोलैब, राठौर पैथोलैब, गोंडवाना पैथोलैब, माँ अम्बे क्लीनिक, पोद्दार क्लीनिक सहित कुल 19 संस्थानों को सील कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एक गंभीर मामला भी सामने आया, जहां संबंधित चिकित्सक की अनुपस्थिति में एक अयोग्य व्यक्ति मरीजों का इलाज करते पाया गया। इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी चिकित्सा संस्थानों को चेतावनी दी है कि वे नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज, योग्य स्टाफ और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




