अटल आवास दिलाने के नाम पर 3.40 लाख की ठगी, महिला आरोपी गिरफ्तार

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर से एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। नगर निगम में प्रधानमंत्री अटल आवास योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर तीन लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दरअसल, सरकंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली 52 वर्षीय सपना सराफ ने दो महिलाओं से अलग-अलग एक लाख 70 हजार रुपये लेकर उन्हें फर्जी रसीद और यहां तक कि मकान की चाबी भी थमा दी। लेकिन जब दोनों पीड़िताएं आवास में रहने पहुंचीं, तो वहां के गार्ड ने बताया कि उनके नाम पर कोई मकान आबंटित ही नहीं हुआ है।
पीड़ित महिलाओं ने कलेक्टर कार्यालय और नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर सरकंडा पुलिस ने सपना सराफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया और पुलिस ने उसके पास से फर्जी रसीद बुक भी जब्त कर ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना का लाभ पाने के लिए केवल अधिकृत प्रक्रिया और विभागीय कार्यालय से ही संपर्क करें, किसी भी तरह के दलाल या बिचौलियों से बचें।




