हाथी के हमले से पूर्व उपसरपंच की मौत….

सूरजपुर जिले के रामकोला वन परिक्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है। जंगल में हाथियों के हमले में पूर्व उपसरपंच की मौत हो गई, जबकि उनके साथ गए तीन लोग भागकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, गाय की तलाश और जड़ी-बूटी इकट्ठा करने के लिए चार लोग दो मोटरसाइकिलों से जंगल क्षेत्र की ओर गए थे। काम पूरा कर लौटते समय अचानक रास्ते में हाथियों का झुंड सामने आ गया।
हड़कंप की स्थिति में सभी लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पूर्व उपसरपंच हाथियों की चपेट में आ गए। हाथियों ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग और पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू की।
जंगल क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही और बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के गांवों को सतर्क रहने की अपील की है, घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत दोनों का माहौल है।




