नारायणा ई-टेक्नो की जांच रिपोर्ट देने से डीईओ का इनकार, बोले- गोपनीय दस्तावेज

बिलासपुर। अमेरी रोड स्थित नारायणा ई-टेक्नो स्कूल एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। स्कूल के खिलाफ गंभीर शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग द्वारा जांच समिति गठित की गई थी और जांच रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने से मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि पूरी जांच प्रक्रिया के बावजूद रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है और स्कूल के खिलाफ कोईठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस देरी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी से जब जांच रिपोर्ट के बारे में जानकारी मांगी जाती है, तो उनका कहना है कि यह रिपोर्ट गोपनीय दस्तावेज है और इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। यहां तक कि उनका यह भी कहना सामने आया कि ल्लआपको जांच रिपोर्ट से क्या लेना-देना है। ङ्क हालांकि कुछ समय बाद ही यह भी कहा गया कि कल आना, रिपोर्ट दिखा दूंगा और क्या लिखा है बता दूंगा।ङ्क इस तरह के विरोधाभासी बयानों ने पूरे मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है। सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग द्वारा जांच पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट भी तैयार है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई लंबित है। न तो रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जा रहा है और न ही स्कूल प्रबंधन पर किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी कारण अभिभावकों में असंतोष और नाराजगी बढ़ती जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि यदि जांच में कोई अनियमितता या गंभीर तथ्य सामने आए थे तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
वहीं कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि पूरा मामला मिलीभगत का प्रतीत होता है, जिसमें स्कूल प्रबंधन और प्रशासन के बीच किसी प्रकार का समझौता होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्कूल की मान्यता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूल ने आवश्यक मान्यता प्राप्त कर ली है, जबकि शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जांच के दौरान कई अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। इस विरोधाभास ने मामले को और अधिक उलझा दिया है।
जब स्कूल की जांच रिपोर्ट आ गई है तो इसे सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि सबको मालूम हो सके कि स्कूल की जांच में क्या हुआ है और क्या रिपोर्ट बनी है। -दिलीप शर्मा नेहरू नगर, बिलासपुर
जिला शिक्षा विभाग को कड़ाई से जांच करके रिपोर्ट का खुलासा करना चाहिए। रिपोर्ट में क्या लिखा है और जांच में क्या पाया गया है। इसकी जानकारी परिजनों को भी होना चाहिए।-विक्रम सिंह चौहान मंगला चौक बिलासपुर
जांच रिपोर्ट का आप क्या करेंगे? जांच रिपोर्ट नहीं दी जा सकती, इससे गोपनीयता भंग हो सकती है। -विजय टांडे डीईओ, बिलासपुर




