थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा, नशे की हालत में युवक ने पिया अज्ञात तरल पदार्थ; CCTV में कैद हुई घटना

(आशीष मौर्य संपादक) : जांजगीर चाम्पा जिले के कोतवाली थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने पुलिसकर्मियों के सामने ही हवालात के भीतर संदिग्ध तरल पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ घंटों चले हंगामे के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।
यह पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।जांजगीर निवासी गोपाल शर्मा अत्यधिक शराब के नशे में कोतवाली थाना पहुँचा। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस स्टाफ के मुताबिक, युवक थाने में बैठकर अचानक थाना प्रभारी के नाम पर गाली-गलौज और विवाद करने लगा।थाने में मौजूद स्टाफ ने जब उसे समझाने और शांत कराने की कोशिश की, तो विवाद और बढ़ गया। कुछ देर बाद युवक अचानक हवालात के भीतर घुस गया और अपने साथ प्लास्टिक की बोतल में लाए किसी अज्ञात द्रव को पी लिया। पीछे से पुलिस कर्मी उसे रोकने दौड़े, लेकिन तब तक वह फर्श पर गिर चुका था।
पुलिस टीम ने तत्काल उसे उठाकर जिला चिकित्सालय पहुँचाया।जिला अस्पताल पहुँचने के बाद भी गोपाल शर्मा का ड्रामा शांत नहीं हुआ। उसने इलाज कराने से साफ इनकार कर दिया और डॉक्टरों के काम में व्यवधान उत्पन्न करने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसके बेटे आर्यन शर्मा और पत्नी को फोन कर सूचना दी। काफी देर तक चले गतिरोध और परिजनों के मौके पर पहुँचने के बाद, युवक की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।युवक का उपचार जारी हैँ.




