विधानसभा में साइबर ठगी का मुद्दा गर्माया: एक साल में 1301 मामले, 107 को मिली राहत, 7 बैंक कर्मियों पर FIR

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन साइबर क्राइम का मुद्दा गरमाया। भाजपा विधायक सुनील सोनी ने पूछा कि प्रदेश में एक साल में कितने साइबर ठगी के मामले दर्ज हुए और क्या कार्रवाई हुई। गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया, बीते वर्ष 1301 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 107 पीड़ितों को रकम लौटाई गई है। अकेले रायपुर में 147 मामले सामने आए।
उन्होंने बताया कि जल्द ही साइबर एक्सपर्ट की नियुक्ति होगी और 9 जिलों में हाईटेक साइबर थानों की स्थापना प्रक्रिया जारी है। बैंक अफसरों की संलिप्तता पर भी कार्रवाई हुई है, 7 बैंक कर्मियों पर FIR दर्ज की गई है। विपक्ष ने साइबर क्राइम रोकने में सरकार की गंभीरता पर सवाल उठाया और IG स्तर के अधिकारी की नियुक्ति की मांग की।
गृहमंत्री ने स्पष्ट किया कि ठगी की राशि कोर्ट के आदेश पर ही लौटाई जा सकती है। वहीं अजय चंद्राकर ने दोहराए जा रहे जवाबों पर आपत्ति जताई और साइबर कमांडो ट्रेनिंग में देरी को लेकर सवाल खड़े किए।




