रायपुर: चंदखुरी में गूंजी ‘दीक्षांत परेड’ की दहाड़, 857 नए पुलिस अधिकारियों ने ली सेवा की शपथ,मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने दी शुभकामनाएं

(आशीष मौर्य संपादक) : छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था को आज 857 नए और हाई-टेक ‘रक्षक’ मिल गए हैं। रायपुर के चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आज नौवें सत्र के उप-निरीक्षक संवर्ग का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। इस गौरवशाली समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी दीपांशु काबरा व अजय यादव भी मौजूद रहे।
रायपुर के चंदखुरी का परेड ग्राउंड आज खाकी के गौरव और अनुशासन से सराबोर नजर आया। मौका था 857 उप-निरीक्षक संवर्ग के अधिकारियों के दीक्षांत समारोह का। 10 मार्च 2025 से शुरू हुआ इन अधिकारियों का कड़ा प्रशिक्षण सोमवार को इस भव्य परेड के साथ संपन्न हुआ।
इन जांबाज अधिकारियों को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि बौद्धिक रूप से भी आधुनिक चुनौतियों के लिए तैयार किया गया है। बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान नेशनल पुलिस अकादमी और विभिन्न राज्यों के पुलिस पाठ्यक्रमों को मिलाकर एक नया सिलेबस तैयार किया गया था। इस बार के प्रशिक्षण में नवीन आपराधिक कानूनों (New Criminal Laws) और साइबर लॉ पर विशेष फोकस रखा गया है, ताकि ये अधिकारी साइबर अपराधों और नए कानूनी पेचीदगियों से सख्ती से निपट सकें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभी पास-आउट अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सुरक्षा अब इन युवा कंधों पर है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि ये अधिकारी निष्ठापूर्वक जनता की सेवा करेंगे।




