5 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

धमतरी में एक बार फिर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली भूमिका उर्फ गीता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में आत्मसमर्पण किया है। भूमिका नगरी एरिया कमेटी की सदस्य और गोबरा एलओएस कमांडर के रूप में सक्रिय थी।
माओवादी विचारधारा से मोहभंग और छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। धमतरी पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन, सिविक एक्शन और पोस्टर–पंपलेट के जरिए किए गए प्रचार का भी इस आत्मसमर्पण पर असर बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार भूमिका उर्फ गीता वर्ष 2005 से माओवादी संगठन में सक्रिय थी और अलग–अलग इलाकों में कई नक्सली घटनाओं में शामिल रही है। लंबे समय तक संगठन में रहने के दौरान पारिवारिक जीवन से वंचित रहने और भेदभावपूर्ण व्यवहार से वह निराश हो गई थी।
आत्मसमर्पण के बाद शासन की नीति के तहत भूमिका को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह आत्मसमर्पण माओवादी उन्मूलन अभियान की दिशा में एक अहम सफलता है और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।




