सरकारी रिसॉर्ट में पक रहा था चीतल का मांस, वन विभाग की रेड में 6 गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी रिसॉर्ट में चीतल का मांस पकाने के मामले का खुलासा किया है। बेलगहना वन परिक्षेत्र के कुरदुर वैली रिसॉर्ट में छापेमारी कर टीम ने पका हुआ मांस बरामद किया है। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुरदुर वैली रिसॉर्ट में संरक्षित वन्य जीव चीतल का शिकार कर उसका मांस पकाया जा रहा है। सूचना के आधार पर DFO के निर्देश पर कोटा एसडीओ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने रिसॉर्ट में दबिश दी, जहां किचन में कड़ाही में मांस पकता हुआ मिला। जांच के दौरान यह सामने आया कि मांस रिसॉर्ट के मैनेजर और कर्मचारियों के लिए तैयार किया जा रहा था। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मैनेजर रजनीश सिंह, कुक रामकुमार टोप्पो, तेज सिंह बैगा, जनक राम बैगा, राजेश और लखन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चीतल के शिकार की भी आशंका जताई जा रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है। कोटा एसडीओ अनिल भास्करन ने बताया हमें सूचना मिली थी कि कुरदुर वैली रिसॉर्ट में चीतल का मांस पकाया जा रहा है। टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई की गई, जहां मांस बरामद हुआ। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और शिकार के संबंध में भी जांच जारी है।
फिलहाल वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि चीतल का शिकार कहां और किन परिस्थितियों में किया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने साफ किया है कि वन्य जीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




