छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग ने जारी की शीतलहर की चेतवानी

छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद पूरे प्रदेश में ठंड जोर पकड़ लेगी। दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि उत्तर में ठिठुरन जारी रहेगी।
आज प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 28.8 डिग्री जगदलपुर में और सबसे कम 8.5 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ‘दितवाह’ चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बस्तर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है।
रविवार को बस्तर के एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि बाकी जगह मौसम शुष्क रहेगा। दो दिनों बाद तापमान में तेज गिरावट शुरू होगी और उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर की स्थिति बन सकती है।मौसम विभाग ने लोगों को सुबह–शाम ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।




