छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना की बड़ी सौगात, ₹665 करोड़ की 174 किमी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

रायपुर – साल के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने सीआरआईएफ के तहत राज्य में चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए करीब 665 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से पांच जिलों में 174 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन किया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के लिए चार सड़क खंडों को स्वीकृति दी है। इस राशि से मुंगेली, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिलों में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। मुंगेली जिले के कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग के 21 किलोमीटर हिस्से में फोरलेन निर्माण के लिए 156 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। कांकेर जिले में कांकेर–भानुप्रतापपुर–संबलपुर मार्ग के 48 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण के लिए 130 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
इसके अलावा सुकमा से दंतेवाड़ा मार्ग के 68 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन के लिए 230 करोड़ रुपये और गरियाबंद जिले में राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के 35 किलोमीटर हिस्से के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना में बड़ी मजबूती मिल रही है। इन परियोजनाओं से विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है। सरकार का कहना है कि इन सड़कों के निर्माण से परिवहन, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।कुल मिलाकर, डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा और प्रदेश विकास की राह पर और तेज़ी से आगे बढ़ेगा।




