अम्बिकापुर

हाथी के हमले से मौत के बाद बवाल: शव रखकर ग्रामीणों का चक्का जाम, मुआवजे और नौकरी की मांग

सरगुजा जिले में हाथी के हमले के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। अम्बिकापुर–प्रतापपुर मार्ग पर ग्रामीणों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया। यह घटना कल्याणपुर चौक की है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

Advertisement

बताया जा रहा है कि हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने युवक को पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Advertisement

गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीण मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजा और एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं।

मौके पर वन विभाग और प्रशासनिक अमला पहुंच चुका है और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक चक्का जाम जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button