
बिलासपुर: नगर निगम चुनाव के मद्देनजर वार्ड क्रमांक 2 में भाजपा प्रत्याशी दिलीप कोरी का जनसंपर्क अभियान लगातार जोर पकड़ रहा है। वे घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं और भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं।

दिलीप कोरी ने अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरे देश और प्रदेश में विकास की गंगा बहा रही है।
उन्होंने कहा, “देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार है, प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है, और स्थानीय विधायक भी भाजपा के ही हैं। ऐसे में वार्ड 2 में भी हम विकास की धारा को और तेज करेंगे।”

वार्ड में विकास को लेकर दिया भरोसा
जनता से संवाद के दौरान दिलीप कोरी ने वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि यदि वे पार्षद चुने जाते हैं, तो जल निकासी, सड़क सुधार, स्ट्रीट लाइट्स और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “भाजपा की नीति ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर आधारित है और इसी संकल्प के साथ हम अपने वार्ड को आगे बढ़ाएंगे।”

वार्डवासियों का कहना है कि वे एक ऐसा जनप्रतिनिधि चाहते हैं, जो उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने और समाधान करे। चुनावी सरगर्मी के बीच दिलीप कोरी के पक्ष में बढ़ता समर्थन यह संकेत दे रहा है कि वार्ड में भाजपा मजबूती से आगे बढ़ रही है।




