बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड की हत्या कर जलाया शव, फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिये कई लड़कियों से करता था चैट

बलौदाबाजार जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू से हत्या कर शव को पैरावट में जला दिया। आरोपी को पुलिस ने भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसने इंस्टाग्राम पर 19 फर्जी अकाउंट बना रखे थे। इन अकाउंट्स में वह महिलाओं के कपड़े पहनकर अपनी तस्वीरें पोस्ट करता था और अलग-अलग लड़कियों से चैटिंग करता था। जानकारी के अनुसार, ग्राम चरोटी में 24-25 अक्टूबर की रात एक जली हुई युवती का शव मिला था। शव की पहचान 26 वर्षीय तेजस्विनी पटेल के रूप में हुई, जो 24 अक्टूबर की शाम से लापता थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि तेजस्विनी और आरोपी सालिक राम पैकरा (25) के बीच पिछले 4-5 साल से अफेयर था। लेकिन जब तेजस्विनी को सालिक के अजीब शौक—महिलाओं के कपड़े पहनकर इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने—की जानकारी मिली, तो उसने उससे दूरी बना ली।
इससे नाराज होकर 24-25 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे सालिक ने तेजस्विनी को गुड़ी चौक पर बुलाया और रिश्ता फिर शुरू करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने चाकू और लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी, फिर शव को पैरावट में जला दिया। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने जली हुई लाश देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि आरोपी साइकोपैथ और क्रूर प्रवृत्ति का है। वह महिलाओं के कपड़े पहनता था और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए लड़कियों को फंसाता था।पुलिस ने आरोपी के घर से महिलाओं के कपड़े और फर्जी प्रोफाइल की तस्वीरें भी जब्त की हैं। मामले में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त जांच जारी है।




