बिलासपुर

बारिश में खून-खराबा, घर के सामने खड़े होने पर विवाद, नाबालिग ने ग्रामीण पर किया चाकू से हमला

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मामूली विवाद अब जानलेवा हमलों में बदलते जा रहे हैं। ताजा मामला कोटा थाना क्षेत्र का है, जहां बारिश के दौरान घर के सामने खड़े होने को लेकर शुरू हुए विवाद में 15 वर्षीय नाबालिग ने एक ग्रामीण पर चाकू से हमला कर दिया। घायल ग्रामीण की हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement

बिलासपुर जिले कोटा थाना से मिली जानकारी के मुताबिक, बारिश के दौरान एक ग्रामीण अपने घर के सामने खड़ा था। तभी वहां पहुंचे 15 वर्षीय नाबालिग ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई। जब ग्रामीण ने इसका विरोध किया तो नाबालिग ने अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। चाकू का वार ग्रामीण की कमर के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल घायल को कोटा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।

 

फिलहाल घायल का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी 15 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।बिलासपुर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएं कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अब नाबालिग भी हिंसक वारदातों में शामिल हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं घायल ग्रामीण का इलाज सिम्स में जारी है।

Related Articles

Back to top button