बिलासपुर

आंधी-बारिश में मंगला ब्लैक आउट, घंटों बिजली-पानी ठप

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – तेज आंधी और बारिश ने नगर निगम और बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। मौसम बिगड़ते ही शहर के कई इलाकों में घंटों ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। नतीजा पानी सप्लाई भी ठप हो गई, लोगों को गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा असर मंगला क्षेत्र में देखने को मिला, स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है।

Advertisement

शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदला और आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और डालियां बिजली तारों पर गिर गईं, जिससे शहर के कई हिस्सों की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। मंगला क्षेत्र वार्ड 13,14 समेत अल्का एवेन्यू, दीनदयाल कॉलोनी, अभिषेक विहार और अभिषेक नगर समेत कई इलाकों में सुबह से बिजली गुल रही।

Advertisement

बिजली बंद होते ही पानी सप्लाई भी प्रभावित हो गई, क्योंकि अधिकांश घरों में मोटर और पंप के जरिए पानी की व्यवस्था होती है। घंटों बिजली नहीं रहने से लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ा। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रहवासियों का आरोप है कि इलाके में हल्की हवा चलते ही बिजली बंद हो जाती है। लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता लंबे समय से कम है और बार-बार फॉल्ट की शिकायतें भी की जाती रही हैं, लेकिन विभाग सिर्फ अस्थायी मरम्मत कर खानापूर्ति करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तूफान के दौरान भी 24 घंटे तक बिजली बहाल नहीं हो पाई थी और इस बार भी हालात वैसे ही बने हुए हैं। शिकायत के लिए कॉल करने पर अधिकारी फोन नहीं उठाते और एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आते हैं। परेशान रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल बिजली विभाग की टीम फॉल्ट सुधारने में जुटी होने की बात कही जा रही है, लेकिन इलाके के लोगों में विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

Related Articles

Back to top button