नूतन चौक सड़क हादसे में दूसरी मौत, युवक की ईलाज के दौरान मौत

बिलासपुर – तेज रफ्तार और ओवरटेक की लापरवाही ने एक युवती समेत दो लोगों की जान ले ली। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित नूतन चौक में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार युवती और एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए हैं।
हादसा उस वक्त हुआ जब कार ओवरटेक कर रही थी और पीछे से आ रहे रेत से भरे हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा गुरुवार रात करीब 11.30 बजे सरकंडा थाना क्षेत्र के इंदिरा विहार गेट के सामने हुआ।जानकारी के मुताबिक कार क्रमांक CG 12 AU 0995 में चार लोग सवार थे, जो पार्टी के बाद होटल लौट रहे थे। कार चालक ने मुरुम से भरे हाइवा को ओवरटेक किया और अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे हाइवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में पीछे की सीट पर बैठी युवती अंशु को गंभीर चोटें आईं, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान एक और युवक हिमांशु राठौर (उम्र 25 वर्ष) ने भी दम तोड़ दिया। हिमांशु जांजगीर-चांपा जिले का निवासी था और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU) का छात्र बताया जा रहा है।
हादसे में घायल दो अन्य युवकों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार देर रात नूतन चौक पर कार और हाइवा की टक्कर हुई है, जिसमें अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और दो घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे नूतन चौक पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और भीड़ हटाकर यातायात बहाल कराया।




